अंबाला की कपड़ा मार्केट में भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

(20 फरवरी )सुशील कुमार:
अंबाला शहर: अंबाला की मशहूर कपड़ा मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, अंबाला शहर की यह कपड़ा मार्केट एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट में से एक मानी जाती है। मार्केट काफी पुरानी होने के कारण यहां दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं, जिससे आग फैलने का खतरा अधिक रहता है। आग लगने की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और प्रशासन को सूचित किया।

कपड़ा मार्केट के प्रधान विशाल बत्रा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मार्केट में अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।

वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची। आग दुकान मालिक विशाल कुमार की दुकान में लगी थी, जिस पर करीब आधे घंटे में काबू पा लिया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

इस घटना से मार्केट के दुकानदारों में दहशत का माहौल है, हालांकि समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया।

Watch our YouTube video

Comments are closed.