सेक्टर-39 डी स्कूल में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन, डिजिटल शिक्षा को मिला बढ़ावा
15 कंप्यूटरों से सुसज्जित लैब विद्यार्थियों के भविष्य को बनाएगी डिजिटल रूप से सशक्त
चंडीगढ़ 23 मार्च (सुशील कुमार)— सेक्टर-39 डी स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है। यह पहल भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के प्रयासों से संभव हुई है। एसएमएल इसुजु द्वारा 15 कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए, जिससे यह लैब तैयार की गई है।
इस कंप्यूटर लैब का उद्घाटन शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी, प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और डीपीआई (स्कूल) नीतीश सिंगला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर एसोचैम चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं एसएमएल इसुजु के प्रतिनिधि राकेश भल्ला, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, इंटेलेक्चुअल सेल की कन्वीनर डॉ. मोनिका बी. सूद, मंडल अध्यक्ष अमित नागर, पार्षद गुरबख्श कौर, स्कूल प्रिंसिपल, स्टाफ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अपने संबोधन में जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि जब उन्हें जानकारी मिली कि स्कूल में कंप्यूटर लैब की सुविधा नहीं है, तो उन्होंने इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्णय लिया। उन्होंने एसएमएल इसुजु के प्रतिनिधि राकेश भल्ला से संपर्क किया, जिसके परिणामस्वरूप स्कूल को 15 कंप्यूटर दान स्वरूप प्राप्त हुए।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक लैब तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत आवश्यक है, जो बच्चों में तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच और नवाचार को बढ़ावा देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त करने में भी सहायक होगी। भारतीय जनता पार्टी शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
इस पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी की लहर है। सभी ने इस सराहनीय प्रयास के लिए जितेंद्र पाल मल्होत्रा और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
Our YouTube video
Comments are closed.