चंडीगढ़ सेक्टर-9 हत्याकांड: 30 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता, एनकाउंटर के बाद 2 शूटर गिरफ्तार
बंबीहा गैंग से जुड़े आरोपियों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोलियां, पंजाब-हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खुला बड़ा नेटवर्क
चंडीगढ़, 19 मार्च 2026: सुशील कुमार
शहर के पॉश इलाके सेक्टर-9 में हुए सनसनीखेज मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए महज 30 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और हरियाणा STF की संयुक्त टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की हत्या के बाद आरोपी मोहाली होते हुए हरियाणा फरार हो गए थे। लोकेशन ट्रेस होने के बाद कैथल जिले के चौशाला गांव में पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में दोनों घायल हो गए और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम शाह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों कुख्यात बंबीहा गैंग से जुड़े हैं और गैंगस्टर लकी पटियाल के करीबी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि राजन उर्फ पीयूष पहलवान पहले भी एक हाई-प्रोफाइल हत्या केस में वांछित था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें .30 और .32 बोर की पिस्टल शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी विदेश से गैरकानूनी तरीके से भारत लौटा था, जिससे इस मामले में इंटरनेशनल कनेक्शन की भी आशंका जताई जा रही है।
घटना के दिन हमलावरों ने सेक्टर-9 में दिनदहाड़े कार में बैठे चरणप्रीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर फरार हो गए थे। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसने शहर में दहशत फैला दी।
पुलिस का दावा है कि इस केस में पूरे गैंग मॉड्यूल का पर्दाफाश कर लिया गया है और अब बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही इस हत्याकांड के पीछे की साजिश, फंडिंग और गैंग नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
Comments are closed.