नगर निगम चुनावों के बीच अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का सदस्य 3 देशी कट्टों और 6 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार

4 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी से पूछताछ जारी, अन्य हथियार तस्करों के नाम भी आए सामने

📍पंचकूला, 5 मई (सुशील कुमार):
पंचकूला नगर निगम चुनावों के मद्देनज़र शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए पंचकूला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के एक सदस्य को 3 अवैध देशी कट्टों और 6 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने 2 मई को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आए एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजय शर्मा उर्फ टीनू (21 वर्ष), निवासी देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज द्वारा सभी क्राइम यूनिट्स को चुनावों के मद्देनज़र सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी या हथियारों की खेप शहर में प्रवेश न कर सके।

डीसीपी के अनुसार, 2 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम रायपुररानी क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक गांव बागवाला की सड़क पर हथियारों की सप्लाई देने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पिट्ठू बैग से 3 अवैध देशी कट्टे और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुररानी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बरामद हथियार अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चुनाव से ठीक पहले यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने उत्तर प्रदेश के ही एक अन्य सप्लायर का नाम उजागर किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपी फिलहाल 4 दिन के पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ जारी है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसे प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में कोई कसर नहीं छोड़ रही है तथा हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क तक जल्द पहुंच बनाई जाएगी।

उन्होंने शहरवासियों से निडर होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की है।

Comments are closed.